टीम इंडिया के उपकप्तान ऋषभ पंत ने शनिवार को इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट की दूसरी पारी में बल्ला गरजा। उन्होंने बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान में खेले जा रहे मुकाबले के चौथे दिन 58 गेंदों में 65 रन बनाए। उन्होंने 8 चौके लगाए और तीन छक्के उड़ाए। ये उनके टेस्ट करियर की 16वीं फिफ्टी है। 27 वर्षीय पंत ने एक वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने इंग्लैंड के कप्तान और धाकड़ ऑलराउंडर बेन स्टोक्स को पछाड़ा है।
दरअसल, पंत घर के बाहर टेस्ट क्रिकेट में किसी एक देश में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले प्लेयर बन गए हैं। वह अब तक इंग्लैंड में कुल 24 छक्के जड़ चुके हैं। वहीं, स्टोक्स ने साउथ अफ्रीका की सरजमीं पर 21 सिक्स मारने का कारनामा अंजाम दिया है। पंत के बाद इंग्लैंड में सबसे ज्यादा छक्के उड़ाने का रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के महान बल्लेबाज सर विवियन रिचर्ड्स के नाम है। रिचर्ड्स ने इंग्लैंड की धरती पर टेस्ट में 16 छक्के लगाए थे।
पंत ने एख और कीर्तिमान रचा है। वह SENA देशों में टेस्ट में दो हजार रन पूरे करने वाले पहले एशियाई विकेटकीपर बन गए हैं। क्रिकेट में साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया को SENA कंट्री कहा जाता है। वह SENA टेस्ट में सबसे ज्यादा 50 प्लस स्कोर बनाने वाले एशियाई विकेटकीपर्स की लिस्ट में दूसरे पायदान पर हैं। उन्होंने 52 पारियों में 12 बार पचास प्लस स्कोर बनाया। उनसे आगे एमएस धोनी हैं, जिन्होंने 60 पारियों में 13 मर्तबा ऐसा किया है।