पिछले सात महीनों में मुंबई इंडियंस फ्रेंचाइजी ने तीसरा खिताब अपने नाम किया है। दरअसल, टी20 क्रिकेट के इतिहास में मुंबई इंडियंस सबसे सफल फ्रेंचाइजी है। MI ने मेजर क्रिकेट लीग के रूप में अपना 13वां टी20 खिताब जीता है। 2023 के बाद मुंबई इस टूर्नामेंट में एक बार फिर कब्जा माने में कामयाब रही। वहीं पिछले सात महीने में उनके टी20 ट्रॉफी की बात करें तो इस फ्रेंचाइजी ने 2025 में SA20, WPL और अब MLC के रूप में तीसरा खिताब जीता है।
टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस न्यूयॉर्क की टीम ने सलामी बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक के तूफानी अर्धशतक के दम पर निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 180 रन बोर्ड पर लगाए। डी कॉक ने 77 रनों की अपनी पारी में 6 चौके और 4 गगनचुंबी छक्के लगाए। हालांकि, उनके अलावा कोई MI का बल्लेबाज 30 रन का आंकड़ा नहीं छू पाया।
इस स्कोर का पीछा करने उतरी वॉशिंगटन फ्रीडम की टीम 5 विकेट के नुकसान पर 175 रन ही बना सकी। रचिन रवींद्र ने 70 रनों की बेहतरीन पारी खेली, वहीं ग्लेन फिलिप्स ने नाबाद 48 रन बनाए, लेकिन दोनों ही बल्लेबाज टीम को जीत नहीं दिला पाए। वॉशिंगटन फ्रीडम आखिरी ओवर में 12 रन नहीं बना सकी जबकि क्रीज पर कप्तान ग्लेन मैक्सवेल और ग्लेन फिलिप्स थे। उन्हें इस मैच में 5 रन से हार झेलनी पड़ी।
मुंबई इंडियंस का टी20 ट्रॉफी जीतने का कारवां 2011 चैंपियंस लीग टी20 के रूप में शुरू हुआ था। टीम ने सबसे अधिक 5 बार आईपीएल का खिताब उठाया है, वहीं 2-2 बार CLT20, WPL और MLC ट्रॉफी पर कब्जा जमाया है।