ऑस्ट्रेलिया के स्टार ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीसरे वनडे में तूफानी शतक लगाया। वह 47 गेंद में शतक लगाते हुए ऑस्ट्रेलिया के लिए वनडे में सबसे तेज शतक लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। ग्लेन मैक्सवेल ऑस्ट्रेलिया के लिए वनडे में सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज हैं। कैमरून ग्रीन साउथ अफ्रीका के खिलाफ सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं।
ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीसरे वनडे में 50 ओवर में दो विकेट खोकर 431 रन बनाए। इसके जवाब में अफ्रीका की टीम 24.5 ओवर में 155 रन ही बना सकी। ऑस्ट्रेलिया ने वनडे सीरीज का आखिरी मैच 276 रनों से जीता। ऑस्ट्रेलिया की ओर से ट्रेविस हेड, मिचेल मार्श और कैमरून ग्रीन ने शतकीय पारी खेली। इससे पहले साउथ अफ्रीका ने दोनों वनडे मैचों में जीत हासिल की थी।
कैमरून ग्रीन ने 47 गेंदों में शतक लगाया, जोकि साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे में सबसे तेज शतक है। उन्होंने मैथ्य हेडन का 2006 में बनाया गया रिकॉर्ड तोड़ा। हेडन ने 66 गेंदों में शतक लगाया था। इस लिस्ट में युसूफ पठान तीसरे नंबर पर हैं। पठान ने 68 गेंद में शतक जड़ा था। अब्दुल रजाक ने 70 और रिकी पोंटिंग ने 71 गेंदों में शतक लगाया है।
ऑस्ट्रेलिया के कप्तान मिचेल मार्श ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की। मार्श ने 106 गेंद में 100 और ट्रेविस हेड ने 103 गेंद में 142 रन बनाए। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 250 रन की साझेदारी हुई। अफ्रीका को पहला विकेट 35वें ओवर में मिला। इसके बाद कैमरून ग्रीन बल्लेबाजी के लिए उतरे। उन्होंने 55 गेंद में 118 रन ठोक दिए। अपनी पारी में उन्होंने 8 छक्के और 6 चौके लगाए।